📸 कार्यक्रम की सभी फोटो देखने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:
https://www.facebook.com/media/set/?vanity=kunaljimishra&set=a.10237484977613692
नार्थ ईस्ट मोटरबाइक एक्सपीडिशन♥️(1)
सोचे थे 25 हो गए हम 50....
सिर्फ 6 घंटे के लिए ग्रुप पर मौका दिया था इस बार की बाइक एक्सपीडिशन में अपने नाम दर्ज कराने का।लंबा प्रोग्राम 10 दिन का, दोनों ओर आने जाने की हवाई यात्रा, 10 दिन के अच्छे खासे खर्चे का एस्टीमेट। सब यह सोचकर डाला था कि इस बार ग्रुप थोड़ा छोटा ले जाना है पर 6 घंटों में ही 47 साथियों के पैसे जमा हो गए, और बन गए हमारे हवाई टिकिट 9 से 18 मार्च के लिए इंदौर से गुवाहाटी और गुवाहाटी से इंदौर के लिए।
पर्याप्त समय मिला और साथ मिला स्काउट के नेशनल हेडक्वार्टर के श्री अनलेंद्र शर्मा सर का, विप्र फाउंडेशन आसाम की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती मंजुलता दीदी का, राजीव जैन जी के गुवाहाटी के मित्र श्री रविजी का और फिर रविजी के मित्रों का, मेरे मित्र श्री रोहित जी भूमिया का और उनके मित्र काजीरंगा के श्री भट्टाचार्य जी का, मनीष जैन जी के मित्र कर्नल उज्ज्वल जी का और उनके मित्र तीनसुखिया के श्री अजय मिश्रा जी का तो सब जगह होटल , मोटरसाइकिल इत्यादि की बुकिंग हो गई।
फ्लाइट चेंज हो गई.....
इंदौर से गुवाहाटी जाने के लिए इंडिगो के दो विकल्प थे एक फ्लाइट सुबह 7 बजे थी और 11.30 बजे लखनऊ होते हुए गुवाहाटी पहुंचा रही थी तो दूसरी सुबह 10 बजे इंदौर से रवाना होकर शाम 5.30 बजे गुवाहाटी पहुंचा रही थी।स्वाभाविक रूप से सुबह जल्दी पहुंचाने वाली किंतु कुछ महंगी फ्लाइट चुनी।पर जल्दी पहुंचने की यह एक्सरसाइज धरी रह गई, लखनऊ एयरपोर्ट मेंटेनेंस पर आ गया और इंडिगो ने हमारी फ्लाइट शिफ्ट कर दी और इस तरह हम पहुंचे गुवाहाटी शाम 5.30 बजे।
ब्रह्मपुत्र में एक्सक्लूजिव क्रूज का आनंद....
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हम एयरपोर्ट से सीधे पहुंचे, ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे पहुंच गए जहां स्टार क्रूज हमारा इंतजार कर रहा था।यह दो मंजिला बड़ी सी बोट केवल हमारे लिए बुक थी।चार घंटे हमने इस क्रूज में बिताए।एक दूसरे से परिचय प्राप्त किया।बिहू डांस देखा तो अच्छे सिंगर के गाने भी सुने।
आप आसाम में हो,ब्रह्मपुत्र का किनारा हो तो असम के माटी पुत्र स्वर्गीय भूपेन हजारिका की याद आना स्वाभाविक है।भूपेन दा के "डोला रै डोला रे डोला", "एक कली दो पत्तियां", दिल हुम हुम करें" आदि गानों को ब्रह्मपुत्र नदी के बीच द्वीप पर सुनना अद्वितीय आत्मा को तृप्त करने वाला अनुभव रहा।
स्वादिष्ट नाश्ता और भोजन भी चलता रहा।इस बीच दो घंटे सेंडबार आइलैंड पर गुजारना बहुत ही आनंददायक अनुभव रहा।बहुत ही महीन रेत पर खूब नाचे गाए और चैंपियन ट्राफी में भारत को जीतते हुए सब साथियों के साथ यहीं देखा, जो अब हम सभी को हमेशा याद रहने वाला था।
कामाख्या माता के दर्शन.....
रात विलंब से सोने के बाद भी सभी सुबह 7 बजे तैयार थे।मनीषजी के मित्र के मित्र के मित्र के माध्यम से मोटर साइकिलें रात को ही होटल पर आ चुकी थी।तो 11 मोटर साइकिलें और दो टेम्पो ट्रेवलर के साथ हमारा काफिला पहुंच गया भारत के सबसे चर्चित शक्ति पीठ मां कामाख्या के दरबार में।आन लाइन विशेष दर्शन के टिकिट सात दिन पहले इंदौर से ही बुक कर लिए थे पर उसके बावजूद यहां मातारानी के दर्शन पांच घंटों में हुए।इंतजार का समय भी एक अच्छे ग्रुप के साथ वरदान होता है सबके साथ मिलकर समोसे कचोरी केले ककड़ी और जाम का आनंद लेते रहे और खूब भजन गाए और भजनों पर नाचे भी।यहीं इंदौर के प्रख्यात समाजसेवी और मेरे बालसखा भाई संदीपन आर्य का जन्मदिन भी मनाया। यहां मंदिर प्रांगण में बलि भी दी जाती है,कुछ मजबूत दिल के साथियों ने उस दृश्य को भी देखा।
महान तांत्रिक महत्व रखने वाला, नीलशैल पर्वतमालाओं पर स्थित मां भगवती कामाख्या का यह सिद्ध शक्तिपीठ सती के इक्यावन शक्तिपीठों में सर्वोच्च स्थान रखता है। यहीं भगवती की महामुद्रा (योनि-कुण्ड) स्थित है।आज यहां माता के दर्शन कर सभी बहुत प्रसन्न थे।
भारत का सबसे लंबा नदी रोप वे....
शाकाहारी भोजन के लिए प्रसिद्ध फैंसी बाज़ार के गोपाल महाराज के यहां भोजन कर हम सभी पहुंचे कचहरी घाट पर।
यहां 100 रुपए के टिकिट पर हम रोप वे पर सवार हुए।गुवाहाटी रोपवे को भारत का सबसे लंबा (लगभग 1500 मीटर) नदी रोपवे माना जाता है। ब्रह्मपुत्र नदी का नज़ारा देख सकते हैं।
एक बार में हम 22 साथी इस विशाल ट्राली में बैठे और लगभग 10 मिनट की इस शानदार यात्रा में दीवारों पर लगे विशाल कांच के शीशों की बदौलत, ब्रह्मपुत्र नदी, उमानंद द्वीप और उसके आसपास की हरी-भरी पहाड़ियों के खूबसूरत नज़ारों को दूर-दूर तक निहारते रहे।
ऊपर से विशाल नदी और दूर तक फैले उसके दोनों पाट, नदी में छोटी-बड़ी नावें और दूर-दूर तक फैली पहाड़ियाँ हम देख पा रहे थे जो शांति का एक बेहतरीन माहौल प्रदान कर रही थी। पीकॉक आइलैंड पर प्रसिद्ध उमानंद मंदिर भी दिखाई दे रहा था जो इस यात्रा के अनुभव की खूबसूरती को और बढ़ा रहा था।
रोप वे के दूसरी ओर स्थित डोल मंदिर में भगवान लक्ष्मी नारायण के दर्शन कर खीर प्रसाद पाकर हम एक विशाल बोट से दूसरे किनारे पहुंचे।वापसी का यह 15 मिनिट का सफर भी बड़ा ही रोमांचक था।फेरी लगाने वाली इस बोट में करीब 200 लोग और 25 मोटर साइकिलें स्कूटर ब्रह्मपुत्र नदी को पार कर रहे थे।नदी पर बोट में सफर करते सूर्यास्त देखना सुंदर अनुभव रहा।
और मोटरसाइकिल चोरी हो गई.....
दो मोटरसाइकिल चेंज करना थी तो हम कुछ लोग मोटरसाइकिल से मोटरसाइकिल शो रुम तो लोग मोटरसाइकिल से होटल की ओर निकल गए।जब हम मोटरसाइकिल चेंज करा रहे थे तभी राजेश भाई का फोन आया हम लोग 5 मिनिट के लिए फल्टन बाजार में तीन मोटरसाइकिल एक साथ रखकर गए थे वापस आए तो एक मोटरसाइकिल गायब है, हमने आसपास सब जगह ढूंढ ली पर नहीं मिल रही है, चोरी हो गई है। हम चूंकि मोटरसाइकिल मालिक के पास ही खड़े थे तो उन्होंने सुनकर कहा चिंता मत करिए गाड़ी में ट्रेकर लगा है।तुरन्त मोबाइल पर ट्रेस किया तो पता लगा आपकी होटल वाली रोड पर जा रही है।आपके होटल पहुंच चुके साथियों को बोलिए चौराहे पर पहुंचकर निगाह रखे।तो विजय भाई, संजय भाई, तरुण भाई, इत्यादि साथी चौराहे पर मुस्तैदी के साथ तैनात हो गए। इसके बाद वो खुद भी निकल गए और आधे घंटे में मोटरसाइकिल एक जगह पार्क की हुई ढूंढ निकाली और हमें वापस होटल लाकर सौंप दी।उन्होंने बताया कि गुवाहाटी में इस तरह की चोरियां बहुत बढ़ गई है अतः आप लोग भी थोड़ी ज्यादा सतर्कता बरतें।
श्रीमती कृष्णा और श्री एन.के. राव जी से मिलना....
आज होटल में विपुल कीर्ति शर्मा भाई के कुछ गेस्ट उनसे मिलने आए हुए थे,उन्होंने फोन कर मुझे भी बुलवा लिया और उनसे मिलाया।विपुल भाई की पत्नी रुचिका भाभी सेंट्रल एक्साइज डिपार्टमेंट में हैं और बैडमिंटन खेल में भारत का प्रतिनिधित्व करती हैं।यहां उनकी सहेली श्रीमती कृष्णा हजारिका राव जो स्वयं भी ऑइल इंडिया में बड़ी अफसर हैं और बैडमिंडेट में भारत का प्रतिनिधित्व करती है अपने पतिदेव श्री राय के साथ मौजूद थी।विजयंत ग्रुप की गतिविधियों को सराह रही थी और वे और राय साहब ग्रुप की किसी भी तरह की मदद करने को तैयार थे। हमें शिलांग से काजीरंगा जाना है यह सुनकर रास्ते के बारे में और रास्ते में कहां हमे भोजन करना है उसके बारे में विस्तार से जानकारियां प्रेषित कर दी।दिल से आभार राय दंपत्ति आपका🙏♥️🙏बहुत खुशी हुई आप दोनों से मिलकर।
विशेष सलाह:-
_गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र में क्रूज़ जरूर जाएं।
_कामाख्या माता दर्शनों हेतु आनलाइन टिकिट 8 दिन पहले अवश्य बुक कराएं।
_रोप वे जरूर जाएं और वापसी में फेरी का मजा लेवें।
दास्तां अभी बाकी है....
इस बाइक एक्सपीडिशन में शामिल विजयंत ग्रुप के साथीगण:
श्रीमती मंजू संग श्री अशोक जी खासगीवाल
श्रीमती किरण संग श्री ललित जी कोटिया
श्रीमती संगीता संग श्री गोपाल जी दरियानी
श्रीमती जया संग श्री राजीव जी अग्रवाल
श्रीमती सविता संग श्री रवि जी गुप्ता
श्रीमती निशा संग श्री रमेश जी प्रजापत
श्रीमती ऋतु संग श्री राजेश जी अग्रवाल
श्रीमती जास्मिन संग श्री संजय जी कोठारी
श्रीमती रश्मि संग श्री संजय जी गोयल
श्रीमती रिया संग श्री मुकेश जी राजानी
श्रीमती शिखा संग श्री विजय जी बियानी
श्रीमती श्वेता संग श्री मनीष जी जैन
श्रीमती कीर्ति संग श्री संदीपन जी आर्य
श्रीमती जयश्री संग श्री तरुण जी मिश्र
श्रीमती सुमन श्री जितेंद्र जी जैन
श्रीमती काजल संग श्री गोपाल जी ज्ञानचंदानी
श्रीमती तरूणा संग श्री अक्षय जी होलकर
श्रीमती सोनल संग श्री सुनील जी चौहान
श्रीमती मीनाक्षी संग श्री सुमित जी बाबेल
श्री जितेंद्र जी कोचर
श्री विपुल कीर्ति जी शर्मा
श्री भारत जी शर्मा
श्री अंकुर जी साहू
श्री मुकेश जी शर्मा
श्री संजय जी गोस्वामी
श्री पंकज जी कोचर
श्रीमती स्मिता संग श्री कुणाल मिश्र





Comments
Post a Comment