कार्यक्रम की सभी फोटो देखने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:
https://www.facebook.com/media/set?vanity=kunaljimishra&set=a.10236671940008260
सेवा कार्य गतिविधियों का स्काउट गाइड द्वारा अवलोकन👍
हर रविवार स्काउट गतिविधियों का मुख्य हिस्सा होता है कब बुलबुल स्काउट गाइड बच्चों की भलाई कार्य की डायरी को देखना।बच्चे बहुत ही उत्साह और खुशी से रोज उनके द्वारा घर और स्कूल में किए जा रहे भलाई के कार्य को दिखाते हैं और शाबाशी पाते हैं।
ऐसे में जब यह जानकारी मिली कि हिन्दू आध्यत्मिक एवं सेवा संस्थान, इंदौर द्वारा एक सेवा कार्य मेले का आयोजन लालबाग में किया जा रहा है तो रविवार को ग्रुप पर आए 35 बच्चों को इस अद्भुत मेले में लेकर चल दिए।पारस भैया को फोन लगा लिया तो वे तुरंत अपनी कार लेकर आ गए, श्रीमाल जी की और हमारी कार तो थी ही कुछ बच्चे दोपहिया भी लाए थे।
मेले में विभिन्न समाज,मठ-मन्दिर, परमार्थिक ट्रस्ट आदि संस्थाएं सेवा कार्य किस तरह और क्या क्या कर रहे हैं, यह देखना ना केवल बच्चों के लिए अपितु हम सभी के लिए भी आंखे खोल देने वाला था।
कोई निराश्रितों की मदद कर रहा था तो कोई दिव्यागों को सम्हाल रहा था, कोई योग और ध्यान के माध्यम से आमजन के जीवन को बेहतर बनाने में संलग्न था तो कोई देश के युवाओं को सेना की भर्ती परीक्षाओं हेतु तैयारी करा रहा था।कोई देश भर में धार्मिक स्थलों पर धर्मशालाओं, भोजन शालाओं और मंदिरों के उन्नयन हेतु कार्यरत था तो कोई दुधमुंहे बच्चों के पालन पोषण में सक्रिय था।आंख, त्वचा और शरीर दान के प्रति जागरूकता फैलाने वाले, जरूरत पड़ने पर अस्पताल उपकरणों को घर पर लंबे समय तक निःशुल्क उपलब्ध कराने वाले, शासकीय अस्पतालों में दवा, भोजन की रोज व्यवस्था करने वाले, रक्तदान करने वाले और रक्तदान के लिए जागरूकता फैलाने वाले, गरीब बच्चों की फीस भरने और जरूरतमंद कन्याओं का विवाह कराने वाले, नशा मुक्ति के लिए प्रयास करने वाले, अच्छा साहित्य उपलब्ध कराने वाले, गाय माता की सेवा करने वाले, भगवान नाम की शक्ति का परिचय कराने वाले, कन्या सशक्तिकरण के लिए कार्य करने वाले, समाज में संस्कृति और संस्कार स्थिर रखने का प्रयास करने वाले, नेत्र चिकित्सा एवं अन्य बीमारियों में मदद करने वाले, प्राकृतिक चिकित्सा और आयुर्वेद को बढ़ावा देने वालों के अलावा और भी कई तरह के सेवा कार्य करने वाले लोग और संस्थाएं यहां मौजूद थी।
इन सभी से मिलकर निश्चित ही दिन बन गया।बच्चों के सहज सरल प्रश्न हमेशा याद रहेंगे।इस मेले को जिसने भी देखा निश्चित रूप से जीव मात्र की सेवा करने को वह तत्पर होगा ऐसा मेरा मानना है।स्काउट गाइड बच्चों को जिला संघ इंदौर के अध्यक्ष श्री रमेश जी अग्रवाल भी वहां मेला देखते मिले तो उन्होंने भी बच्चों की भूरी भूरी प्रशंसा करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
साधुवाद आयोजकों को जिन्होंने सेवा कार्य कर रहे इतने व्यक्तियों और संस्थाओं की सुध ली, उनका सम्मान किया और आमजनों के अवलोकन हेतु उनके सम्मुख एक सुंदर और गरिमामय मंच प्रदान किया।





Comments
Post a Comment