परशुराम महादेव की ट्रेकिंग, फूड हाउस के स्वादिष्ट व्यंजन,फतहसागर लेक और जन्माष्टमी उत्सव उदयपुर में.... उदयपुर बाइक एक्सपीडिशन(भाग 3)
https://www.facebook.com/media/set?vanity=kunaljimishra&set=a.10240282481069530
परशुराम महादेव की ट्रेकिंग, फूड हाउस के स्वादिष्ट व्यंजन,फतहसागर लेक और जन्माष्टमी उत्सव उदयपुर में....
उदयपुर बाइक एक्सपीडिशन(भाग 3)
आज सुबह 12 बजे तक का समय फ्री टाइम था जिसको जहां जैसा मज़ा करना था,सब फ्री थे।कुछ साथी पूल का आनंद लिए।कुछ देर तक सोए, कुछ किले को देखने निकल गए।मेरा यह चौथा कुंभलगढ़ का दौरा था और एक जगह हर बार छूट रही थी वह थी परशुराम महादेव।
कुंभलगढ़ से 5 किलोमीटर दूर स्थित यह स्थल भगवान परशुराम की तप स्थली रहा है।माना जाता है कि भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम ने अपने फरसे से काटकर स्वयं यह गुफा बनाई जहां कई वर्षों तक उन्होंने भगवान शिव की कठोर तपस्या की थी। तपस्या के बल पर उन्होंने भगवान शिव से धनुष, अक्षय ताम्र और दिव्य चारित्र प्राप्त किए थे।इसी स्थान पर परशुराम ने कर्ण को शिक्षा दी थी।यह भी कहा जाता है कि भगवान बद्रीनाथ का कपाट वही व्यक्ति खोल सकता है जिसने परशुराम महादेव के दर्शन किए हों।
इतने प्रसिद्द सिद्ध स्थान के दर्शन के लिए लगभग 2.5 किलोमीटर की पहाड़ी का सीधा उतार और फिर वापस चढ़ना। तो इस बार इस फ्री टाइम में मैने इस मौके को लपक लिया।रात को कुछ साथी तैयार थे इस ट्रेकिंग के लिए तो सुबह हम छह साथी राजेशजी, पारस जी, संजय जी, विजय जी, अक्षय जी और मैं निकल पड़े परशुराम महादेव।उतरते उतरते ही लग रहा था कि चढ़ने में पसीने निकलने वाले हैं। सुबह 7.30 बजे नीचे पहुंचे तो देखा वही राम देवरा जाने आने वाले करीब 5000 दर्शनार्थी लाइन में लगे हुए हैं।यहां दो तरफ से लोग आ रहे थे हम कुंभलगढ़ तरफ से मेवाड़ से थे तो हजारों लोग पाली मारवाड़ की ओर से नीचे एकत्रित हो रहे थे।पारस भैया ने जुगाड बैठाया और 15 मिनिट में हम शिवलिंग पर अभिषेक कर रहे थे।बाबा का आशीर्वाद ले ऊपर चढ़े, करीब 5 बार 5-5 मिनिट का आराम करना पड़ा क्योंकि खड़ी चढ़ाई पर सांस भर भर जा रही थी।पर प्रकृति के सुंदर नजारों ने थकान नहीं आने दी, बहुत ही खूबसूरत मौसम था, मन ही नहीं भर रहा था, बादल नीचे और हम ऊपर थे।अद्भुत दृश्यावली थी, जहां तक निगाह जा रही थी हरे भरे पहाड़, घटिया और बादल, हल्की फुल्की रिमझिम बारिश,सच स्वर्गीय अनुभव था यहां आना।
कुंभलगढ़ से दोपहर 12 बजे निकले और लगभग 2.45 पर पहुंचे उदयपुर स्थित "फूड हाउस"। मेरी बचपन की सहपाठी दोस्त और प्रताप के चाचा की लड़की राखी अपने परिवार के साथ यह फूड हाउस घर से कई वर्षों से चलाती आ रही है।मैं यहां परिवार के साथ पहले भी आ चुका था और संतुष्ट होकर गया था तो आज लंच के लिए अपने पूरे ग्रुप को यहां ले आया।
आज जन्माष्टमी का त्योंहार था, 15 लोगों को उपवास था तो चुनौती थी घर जैसा शुद्ध फलाहार मिल सके। मुझे भरोसा था राखी की पाक कला पर और राखी और उसकी फूड हाउस टीम इस भरोसे पर खरी भी उतरी।हमारे साथ आई सभी महिलाएं पूर्णतः संतुष्ट और आनंदित थी कि इतना अच्छा सात्विक और शुद्ध फलाहार उन्हें यहां फूड हाउस पर मिला। वहीं हम 20 लोगों ने यहां दाल बाटी लड्डू का आनंद लिया वह भी बहुत ही स्वादिष्ट था। दिल से खिलाया राखी ने सभी को।बेटी छवि, बहन बबली और दोनों कंवर साहब भी पूरे समय लगे रहे।
लंच के बाद होटल पहुंचकर आराम किया और शाम को तफरीह करने पहुंच गए फतहसागर लेक।छुट्टी पर इतनी पब्लिक यहां इकट्ठी थी कि पूछिए मत।सूर्यास्त का आनंद लेते हुए घूमते फिरते यहां की प्रसिद्ध साईं सागर कैफे पर कोल्ड काफी का मजा लिया।जब यहां से निकले तो ऑटो पकड़ने बहुत दूर तक जाना पड़ा।रास्ते में ही सब मिलकर भजन गाने लगे नाचने लगे और संयोग देखिए कि थोड़ी दूर पर ही रंग बिरंगी लाइटों से सजा कृष्ण मंदिर आ गया।सब पहुंच गए लाड़ले लाल के दर्शन के लिए। वहीं परिसर में खूब भजन गाने लगे।एक परिवार अपने छोटे बच्चे को कृष्ण और बिटिया को राधा बनाकर लाया था वे भी शामिल हो गए हमारे साथ तो सभी झूम झूम उठे।बाल कृष्ण को झूला झुलाकर और प्रसाद पाकर हम होटल पहुंचे।
सविता भाभी कृष्ण जी की सुंदर सी तस्वीर और पंजीरी प्रसाद बनाकर लाई थी, बस फिर क्या था भोजन के बाद भजन होने लगे और वहीं आरती कर सबने जन्माष्टमी उत्सव मना लिया।बोलो कृष्ण कन्हैयालाल की जय🙏
एक्सपीडिशन के स्नेहिल साथीगण:-
श्रीमती जया श्री राजीव जी अग्रवाल
श्रीमती सविता श्री रवि जी गुप्ता
श्रीमती ऋतु श्री राजेश जी अग्रवाल
श्रीमती शिखा श्री विजय जी बियाणी
श्रीमती जास्मिन श्री संजय जी कोठारी
श्रीमती मनीषा श्री प्रताप जी दुबे
श्रीमती ज्योति श्री दीपक जी कोठारी
श्रीमती शीतल श्री पारस जी जैन
श्रीमती मंजू श्री महेश जी पोरवाल
श्रीमती अंजना श्री प्रमोद जी फरक्या
श्रीमती सविता श्री कृष्णकांत जी मुजावदिया
श्रीमती नेहा श्री भारत जी शर्मा
श्रीमती सोनल श्री सुनील जी चौहान
श्री बालेश जी चौरसिया
श्री किशन जी थावरानी
श्री अक्षय जी होल्कर
श्री संजय जी गोयल
श्री अंकुर जी साहू
श्री निकुंज जी गोयल
श्रीमती स्मिता श्री कुणाल जी मिश्र






Comments
Post a Comment